जामताड़ा रेल हादसा:जामताड़ा से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने जामताड़ा के रेल हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जामताड़ा के रेल हादसे मे मारे गए दो लोगों की घटना अत्यंत ही दुखद और मन को शोकाकुल कर देने वाला है। मैं इस हृदय विदारक घटना से मर्माहत हूं।रेलवे की लापरवाही ने दो लोगों की जान ले ली और कई लोग घायल हैं। इस दुख की घड़ी में मैं परिवार वालों के साथ हूं और केंद्र सरकार से परिवार वालों के लिए 50-50 लाख और सरकारी नौकरी के साथ-साथ घायलों को 20-20 लाख रुपए देने की मांग करता हूं।वहीँ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी ”जामताड़ा में दुर्घटनाग्रस्त दो लोग पटरी अंधेरे में पार कर रहे थे।अफ़वाह रेलवे को बदनाम करने की साज़िश है। हम सभी मृतक के परिजनों के साथ इस दुखद घटना में खड़े हैं ।हम दुःखी हैं इस खबर से और बाबा से मृतकों के आत्मा के शांति की कामना करते हैं।लेकिन कुछ भ्रम फैलाने वाले लोग रेलवे को बदनाम कर रहें हैं । रेलवे जिस से लाखों क्षेत्र के जनता का रोजगार चलता है, जीवन यापन चलता है, सफर सरल और सुखद होता है, सफर सस्ता होता है। बदनाम करने वाले वही लोग हैं जो जीवन दलाली करने में और चमचा बनने में गुज़ारतें हैं।”मामले पर जामताड़ा डीसी शशिभूषण मेहरा ने बताया कि, लोगों से सूचना मिली कि डाउन लाइन से भागलपुर-यशवंतपुर अंग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12254) गुजर रही थी. इसी बीच लाइन के किनारे डाली गयी गिट्टी का डस्ट उड़ रहा था. डस्ट को देखकर चालक को संदेह हुआ कि ट्रेन में आग लग गयी है और धुंआ निकल रहा है. इस कारण चालक ने ट्रेन रोक दी. यात्री भी उतर गए. इसी बीच अप ट्रैक पर जा रही आसनसोल से झाझा जानेवाली इएमयू ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी.



