Ranchi : झारखण्ड में कई क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत को लेकर मंत्री इरफान अंसारी जल्द ही देश के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से मुलाकात करेंगे इसकी सूचना उन्होंने एक्स पर दी है. मंत्री ने लिखा,”देश की भाजपा सरकार की गलत नीतियों और निर्णयों के कारण आज भारतीय जनता पार्टी BJP पूरी तरह से अपनी राजनीतिक सूझबूझ खो चुकी है। इसका सीधा असर झारखंड की आम जनता पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।आज राज्य के कई क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है। सुबह-सुबह हमारी माताएं और बहनें गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ी रहती हैं, लेकिन आपूर्ति की कमी के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद गंभीर और चिंताजनक है।”
मंत्री ने आगे लिखा, ”मैं, राज्य का खाद एवं आपूर्ति मंत्री होने के नाते, इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे चुका हूं। यदि किसी भी ब्लॉक से कालाबाजारी, अनियमितता या लापरवाही की शिकायत सामने आती है, तो दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।मैं भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी जी से आग्रह करता हूं कि वे सच्चाई का सामना करें और स्वीकार करें कि यह स्थिति केंद्र सरकार की विफल नीतियों का परिणाम है। जनता को भ्रमित करने के बजाय वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना समय की मांग है।”
खाद एवं आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने एक्स पर आगे कहा, ”हमारी लोकप्रिय महागठबंधन सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि राज्य की जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। हर हाल में गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।साथ ही, मैं जल्द ही देश के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से मुलाकात कर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल करूंगा।जनता का भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और उनकी सेवा ही हमारा संकल्प।”




