इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन के 20वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस आमने- सामने है। इसमें मुंबई ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 193 रन बनाए हैं। इसके जवाब में 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम 136 रनों पर सिमट गई। मुंबई इंडियंस ने ये मुकाबला 57 रनों से जीत लिया। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मौजूदा विजेता के लिए सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक जमाया। उन्होंने 79 रनों की पारी खेली जिसमें 47 गेंदों का सामना कर 11 चौके और दो छक्के मारे। हार्दिक ने उनका साथ देते हुए अंत में 19 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 35 रनों का योगदान दिया। राजस्थान के लिए श्रेयस गोपाल ने दो विकेट लिए, कार्तिक त्यागी और जोफ्रा आर्चर ने एक-एक विकेट लिए। राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। तेज़ गेंदबाज़ कार्तिक त्यागी डेब्यू कर रहे हैं। वहीं यशस्वी जयसवाल और अंकित राजपूत की टीम में वापसी हुई है। मुम्बई ने पांच में से तीन मैच जीते हैं जबकि दो में उसे हार मिली है। वह छह अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के भी छह अंक हैं लेकिन मुम्बई का नेट रनरेट बेहतर है। दूसरी ओर, राजस्थान ने दो मैच जीते हैं और इतने ही गंवाए हैं। उसके खाते में चार अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर है। मुंबई को अपने पिछले मैच में जीत मिली थी जबकि राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा था। वही मुबंई ने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को मात दी थी।



