शिमला: हिमाचल प्रदेश चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर के बाद कांग्रेस ने बीजेपी को मात दे दी है। चुनाव आयोग के अनुसार भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में अभी तक 17 सीटों पर जीत दर्ज़ की है और 9 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 30 सीट पर जीत दर्ज़ कर 9 सीटों पर आगे है। हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार के बाद सीएम जयराम ठाकुर राज्यपाल से मिलने पहुंचे हैं।सीएम जयराम ठाकुर ने कहा है कि वो आज ही राज्यपाल से मिलकर सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे।जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात के बाद मिडिया से बात करते हुए कहा,”हिमाचल प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा, लोकतंत्र की सबसे बड़ी खासियत है कि जनमत का सम्मान होना चाहिए। हमने जनमत का सम्मान किया है। मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। मैं अभी कोई टिपण्णी नहीं करना चाहता हूं। हम आंकलन करेंगे की कहां कमी रह गई। कई बार ऐसा होता है कि एक-दो मुद्दों के कारण चुनाव की धारा प्रभावित हो जाती है।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,” हिमाचल प्रदेश हम जीते हैं उसके लिए हम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं। हमारे प्रेक्षक जा रहे है और वह तय करेंगे की राज्यपाल से कब मिलना है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हैं क्योंकि उनकी वजह से हम जीते हैं। ”वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष एम खड़गे ने कहा वह तो हो गया है, मैं उसका श्रेय नहीं ले रहा हूं… लोकतंत्र में जीत और हार होती है। यह हमारी वैचारिक लड़ाई है। हम कमियों को सुधारेंगे और लड़ना जारी रखेंगे। बता दें कि चुनाव आयोग के अनुसार गुजरात में भाजपा 97 सीटों पर जीत दर्ज़ कर 59 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 7 सीट पर जीत दर्ज़ कर 10 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी 1 जीती और AAP 4 सीट जीत कर 1 सीट पर आगे चली रही है।मालूम हो कि हिमाचल प्रदेश में कुल 68 सीटें हैं। हिमाचल प्रदेश में किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 35 सीटों की जरूरत है।