हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने वन भूमि और सरकारी जमीन की अवैध हेराफेरी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जमीन विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 अक्टूबर 2026 को की गई, जिसके बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पकड़े गए आरोपियों में विश्वेश्वर प्रजापति (68 वर्ष), शंकर प्रजापति (62 वर्ष) और रामगति गुप्ता उर्फ रामगति प्रसाद (61 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नयाखाप टोला, मुकुंदगंज के रहने वाले हैं।इन लोगों पर तत्कालीन अंचलाधिकारी (CO), अंचल निरीक्षक, और राजस्व उपनिरीक्षक के साथ मिलकर वन भूमि, सरकारी जमीन और गैरमजरुआ खास किस्म की जंगल भूमि को अवैध तरीके से हासिल करने, उसकी फर्जी खरीद-बिक्री करने और गलत तरीके से दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने का आरोप है।हजारीबाग थाना कांड संख्या 11/25 के तहत दर्ज इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की कई गंभीर धाराओं (जैसे 420, 467, 468, 471, और 120बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है।इस बड़े सिंडिकेट में शामिल तत्कालीन अंचलाधिकारी समेत कई सरकारी अधिकारियों, भू-माफियाओं और खरीदार-विक्रेताओं को एसीबी पहले ही जेल भेज चुकी है।


