हजारीबाग में बालू लदे हाईवा ट्रक की चपेट में आने से 6 युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. खैरा गांव की रहने वाली लगभग 12 से 16 वर्ष ये युवतियां मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं की साढ़े पांच बजे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और अनियंत्रित होकर एक नाली में घुस गया. वाहन का चालक मौके से फरार हो गया.घायल लड़कियों में नंदिनी कुमारी, रिया कुमारी, मानसी कुमारी, पूजा देवी, लक्ष्मी कुमारी एवं एक अन्य शामिल हैं. घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी को हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया.दो की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. जिन्हें बेहतर इलाज के रांची रेफर कर दिया गया है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मामले पर प्रतिक्रिया दी और चम्पई सरकार पर निशाना साधा है ”हजारीबाग में अवैध बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से 6 युवतियों के गंभीर रूप से घायल होने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से इनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के संरक्षण में अवैध बालू ढुलाई कर रहे वाहन यमराज के रूप में सड़कों पर दौड़ रहे हैं।चम्पई सोरेन जी, हेमंत सोरेन की दुर्गति से कुछ सबक लीजिए। नदियों के प्रवाह तंत्र और जानमाल की सुरक्षा के लिए बालू के अवैध कारोबार पर रोक लगाईए।अपने एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा ”झुकेगा नहीं!किस निर्लजता से ये बात कहते हैं? अवैध बालू लदे ट्रक से हजारीबाग में छह बेटियां कुचल दी गईं, लेकिन ये कहेंगे झुकेगा नहीं। अवैध बालू से लदे तुपुदाना में बीते दिनों बस की टक्कर हो गई, एक पत्रकार की पत्नी और बेटी की जान चली गई। ये कहेंगे झुकेगा नहीं। गौ तस्करों ने आदिवासी परिवार की दरोगा बिटिया संध्या टोप्पो को कुचल कर मार दिया। ये कहेंगे झुकेगा नहीं । आज बालू तस्करी से उगाही के लाखों रुपए तुपुदाना की घूसख़ोरी में जेल गये चार्जशीटेड थाना प्रभारी मीरा सिंह के एजेन्ट के यहां से मिलने की खबर आ रही है। ये साबित है कि अवैध धंधों का पैसा एजेन्टों के जरिए थानेदारों और बड़े अफसरों के जरिए सत्ताधारी नेताओं तक पहुंच रहा। लेकिन ये कहेंगे झुकेगा नहीं…आप झुकिए नहीं, भ्रष्ट होकर पैसों के बल पर सीना तान खड़े रहिए। लेकिन हत्यारे मत बनिए। आज बेटियों को कुचल दिया गया, जो पुलिस में बहाल होना चाहती थीं। रोजगार आप दे नहीं पाते, आपकी अवैध बालू, कोयला लदी गाडियां उन्हें कुचल रहीं। इससे शर्मनाक और चुल्लू भर पानी में डूब मरने वाली बात और क्या है …??”



