हजारीबाग : जिले के चौपारण प्रखंड के वन क्षेत्र में बसा एक छोटा सा गांव जमुनियातरी से आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय की दो बेटियों – किरण कुमारी (पिता- रोहन बिरहोर) और चानवा कुमारी (पिता- विष्णु बिरहोर) ने मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर राज्य के लिए प्रेरणा बनने का काम किया है। किरण कुमारी ने 409 अंक (करीब 80प्रतिशत) और चानवा ने 332 अंक (करीब 66प्रतिशत) लाकर न सिर्फ प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की,बल्कि अपने समुदाय के लिए एक उम्मीदों का मार्ग प्रशस्त किया है।किरण कुमारी और चानवा दोनों छात्राएं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चौपारण में पढ़ाई की है।अब किरण और चानवा के मैट्रिक पास करने पर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने दोनों बच्चियों को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है”चौपारण प्रखंड के गांव जमुनियातरी की आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय की दो बच्चियों ने रचा कीर्तिमान,मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर राज्य के लिए प्रेरणा बनेंगी। दोनों बच्चियों को बधाई व उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूँ। आशा करता हूँ कि, वे दोनों अपने समाज में बदलाव की अग्रदूत बनेंगीं।”




