जमशेदपुर,झारखंड: उत्कृष्ट निर्वाचन कार्यों के लिए पहली बार झारखंड को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला । भारत निर्वाचन आयोग ने सबसे श्रेष्ठ परफार्मिंग स्टेट के रूप में तीन राज्यों का चयन किया है, जिनमें झारखंड, महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर का चयन किया गया है।इस श्रेणी में विभिन्न राज्यों के कुल 11 अफसरों का चयन किया गया है। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रम में झारखंड से यह पुरस्कार राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को मिला। जेनरल कैटेगरी की श्रेणी में पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है।15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में माननीय राष्ट्रपति, भारत श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों मित्तल को सम्मानित किया गया। उपायुक्त मित्तल ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव 2024 के सफल सम्पादन में आवश्यक सहयोग के लिए मतदाता, पदाधिकारी, कर्मियों का धन्यवाद किया है।




