‘खलनायक’ के रूप में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाने वाले टॉलीवुड-बॉलीवुड अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने गुरुवार को कोलकाता में एक समारोह में असम की रहने वाली फैशन उद्यमी रूपाली बरुआ से शादी की। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में आशीष और रूपाली ने चुपचाप रजिस्ट्री मैरिज की। रूपाली ने असम की एक सुंदर सफेद और सुनहरे रंग की मेखला चादर पहनी थी, जबकि आशीष ने अपनी पत्नी के साथ मेल खाता हुआ केरल का सफेद और सुनहरे रंग का मुंडू पहना था।दिग्गज एक्टर ने कहा, “मेरे जीवन के इस पड़ाव पर, रूपाली से शादी करना एक असाधारण एहसास है. हमने सुबह कोर्ट मैरिज की, उसके बाद शाम को गेट-टुगेदर किया.”वहीँ ऐक्टर के शादी की तस्वीरें सोशल मिडिया पर खूब वाइरल हो रही हैं।
कई फिल्म उद्योगों में काम कर चुके दिग्गज अभिनेता का जन्म 19 जून, 1962 को दिल्ली में हुआ था। 1986 में शुरू हुए करियर में, आशीष विद्यार्थी कई हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, अंग्रेजी, ओडिया, मराठी और बंगाली फिल्मों में दिखाई दिए।उन्होंने अब तक 11 विभिन्न भाषाओं में लगभग 300 फिल्मों में योगदान दिया है। अपनी पहली फिल्म सरदार में, जो सरदार वल्लभाई पटेल के जीवन पर आधारित थी, आशीष विद्यार्थी ने वीपी मेनन का किरदार निभाया था।राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता की शादी पहले एक भारतीय अभिनेता, गायक और थिएटर कलाकार राजोशी विद्यार्थी से हुई थी।



