एशिया के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण के स्वच्छ एवं सफल आयोजन को लेकर आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोराबादी स्थित भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, हरियाली एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि डूरंड कप का रांची में आयोजन पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है और निगम का प्रयास है कि खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ बेहतरीन मेजबानी का अनुभव मिले, जिससे रांची एक आदर्श मेजबान के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।




