हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग में शुक्रवार को एक युवक म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) नहीं होने से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसका म्यूटेशन नहीं किया गया तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा।युवक की पहचान चतरा जिले के टंडवा निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। वह बानादाग स्थित एनटीपीसी साइडिंग में कार्यरत बताया जा रहा है। टावर पर चढ़े विकास कुमार ने कटकमदाग अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान पर भी गंभीर आरोप लगाए।विकास कुमार का कहना है कि उसकी जमीन का म्यूटेशन पिछले पांच-छह महीनों से लंबित है। कई बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हजारीबाग डीसी को टैग करते हुए तत्काल संज्ञान लेने और जांच करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या दोष सिद्ध होता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया कि किसी भी अंचल में म्यूटेशन के मामले निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए।




