पहलवान सुशील कुमार के खिलाफ दिल्ली पुलिस को हाथ लगे ये चार अहम सुराग, इनके आधार पर कोर्ट में साबित होंगे अपराध!

0

नई दिल्ली. पहलवान सुशील कुमार ( Wrestler Sushil Kumar) की आज पुलिस रिमांड खत्म हो गई है. मॉडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में सागर धनखड़ हत्याकांड मामले (Sagar Dhankhar Murder Case) में आरोपी सुशील कुमार ने 10 दिनों की रिमांड में पुलिस का कोई खास सहयोग नहीं किया है. अभी तक पुलिस को उसका मोबाइल और वारदात के समय पहने हुए कपड़े आदि भी बरामद नहीं हो पाए हैं. लेकिन पुलिस के पास चार ऐसे हैं अहम सुराग हाथ लगे हैं जिनके आधार पर पुलिस सुशील कुमार के अपराध को कोर्ट के समक्ष साबित करेगी.

बताते चलें कि बीते चार मई की रात छत्रसाल स्टेडियम (Chhatarshal Stadium) में सागर और उसके साथियों की पिटाई की गई थी. इस घटना के बाद सागर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था. मॉडल टाउन में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई जिसमें सुशील पहलवान को मुख्य आरोपी बनाया गया. 18 दिन तक फरार रहने  के बाद उसे स्पेशल सेल ने मुंडका इलाके से उसके साथी अजय के साथ गिरफ्तार किया था.

इस मामले में बीते 23 मई से सुशील कुमार और उसका सहयोगी अजय पुलिस रिमांड पर हैं. पहले उन्हें छह दिन और फिर चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था. यह अवधि आज खत्म हो रही है. दोनों आरोपी को बुधवार कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है.

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (Crime Branch) के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पास इस अपराध का सबसे अहम सबूत एक मोबाइल वीडियो है, जो मौके पर बनाया गया था. इस वीडियो में सुशील के हाथ में डंडा है और जमीन पर सागर पड़ा हुआ दिख रहा है. वीडियो में 15 से ज्यादा पहलवान दिख रहे हैं जिनमें से कुछ के पास हथियार भी हैं. एफएसएल से इस बात की पुष्टि भी हो गई है कि इस वीडियो से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है.इस मामले में दूसरा अहम सबूत सुशील कुमार और अजय बक्करवाला के मोबाइल की डिटेल हैं. पुलिस ने दोनों की कॉल डिटेल के साथ ही उनकी लोकेशन भी निकलवाई है. कॉल डिटेल से साफ हो चुका है कि यह लोग किसके संपर्क में थे. वहीं लोकेशन की डिटेल से यह साबित होगा कि वारदात वाले दिन वह छत्रसाल स्टेडियम में मौजूद थे.

इस हत्याकांड का तीसरा अहम सबूत है दो चश्मदीद गवाह, जो सागर धनखड़ के साथ मौजूद थे. यह गवाह सोनू महल और अमित हैं. इन दोनों की पिटाई भी स्टेडियम में की गई थी. दोनों ने छानबीन के दौरान अपने बयान में सुशील का नाम ले चुके हैं. कोर्ट में इनकी गवाही बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी.

इस मामले में चौथा अहम सबूत आरोपियों के बयान हैं. आरोपियों ने भी अपने बयान में सुशील द्वारा मारपीट की बात कही है. पुलिस इनमें से प्रिंस सहित कुछ आरोपियों को सरकारी गवाह बनाने का प्रयास कर रही है. अगर वह सुशील के खिलाफ बयान देंगे तो इससे सुशील की मुश्किल बढ़ सकती है.