झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब जनता से सीधे संवाद करेंगे. इसके लिए राज्य सरकार टू-वे कम्युनिकेशन सिस्टम शुरू करने जा रही है.इस तकनीक से झारखंड के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में रहनेवाले लोग भी वीडियो लिंक के जरिये मुख्यमंत्री से अपनी समस्या सीधे बता सकेंगे. मुख्यमंत्री आवास में इसके लिए विशेष कक्ष बनाया जा रहा है, जहां आधुनिक ऑडियो और वीडियो की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. इस प्रोजेक्ट का नाम जानो प्रोजेक्ट रखा गया है. सूत्रों ने बताया कि योजना पर तेजी से काम चल रहा है और जल्द ही कम्युनिकेशन सिस्टम का संचालन शुरू किया जायेगा. सीएम हाउस में हाई-स्पीड इंटरनेट, बड़ा स्क्रीन और लाइव इंटरैक्शन सेटअप लगाया जा रहा है. इसका उद्देश्य है कि आम लोगों की आवाज बिना किसी बिचौलिये के सीधे सत्ता के शीर्ष तक पहुंचे. सरकार चाहती है कि योजनाओं से जुड़े मुद्दे, शिकायतें, पेंशन, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और वन अधिकार जैसे विषयों पर लोग खुलकर अपनी बात रखें.इस व्यवस्था के लागू होने से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है. ग्रामीण इलाकों में कई मुद्दे प्रशासनिक स्तर पर अटक जाते हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री की सीधी सुनवाई से विभागों पर जवाबदेही बढ़ेगी.




