झारखंड : अबुआ सरकार के साथियों के साथ पहली बैठक के बाद सीएम सोरेन ने कहा है कि झारखण्ड के हर जन के लिए दिन-रात काम करना है।मीडिया से बात करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “…मंत्रिपरिषद की बैठक पूर्ण हुई और हम लोगों ने ये तय किया है कि आने वाले समय में राज्य को एक बेहतर दिशा कैसे दी जा सकती है। इसमें हमने कुछ 15 से 16 बिंदु बनाए हैं। हम लोग राज्य को दिशा देने के लिए एक रूपरेखा तैयार करेंगे। सभी मंत्रीगण अपने-अपने विभागों की समीक्षा करना शुरू करेंगे… सभी जिलों में सभी विभागों की बैठक होगी… सभी विभागों में लोगों की पदोन्नति को लेकर भी समीक्षा होगी और जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा… हमने सभी विभागों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं… हमने 2 महीनों के भीतर सभी मंत्रिगणों को जिला का भ्रमण करने का आदेश दिया है… आने वाले समय में रोडमैप बनाने के लिए सभी मंत्रिगण लग जाएंगे…”
कैबिनेट में लिए गए निर्णय
वर्ष 2025-26 के लिए योजनाओं की रूपरेखा तैयार किया जायेगा.सभी मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र के अलावा अन्य जिलों का भी दौरा कर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे.क्षेत्रीय अधिकारियों के कामकाज पर फीडबैक लेकर मुख्यमंत्री को समय-समय पर अवगत करायेंगे.सभी मंत्री अपने विभाग की उपलब्धियों के बारे में समय-समय पर प्रेस कांफ्रेंस करके जानकारी देंगे.प्रस्ताव समय पर बैठक में पहुँच सकें इसके लिए मंत्रिपरिषद में प्रस्ताव भेजने से पहले मंत्री स्वयं उसकी पूरी समीक्षा कर वित्त विभाग, विधि विभाग एवं कार्मिक विभागों से भी परामर्श ले लें.सभी मंत्री विभागीय योजनाओं का गहन अध्ययन कर योजनाओं की कमियों और खामियों का मूल्यांकन कर, सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं. इसके आलावा सीएम सोरेन ने राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों, अनुसूचित जाति/जनजाति क्षेत्रों और पहाड़ी क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए नए प्रस्तावों पर विचार करने को कहा है.




