मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खेलगांव में राष्ट्रीय, अन्तरराष्ट्रीय एवं ओलम्पिक खेलों में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एवं पदक प्राप्त करनेवाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा इस समारोह में 19 खेलों के लिए 222 खिलाड़ियों एवं 52 प्रशिक्षकों के बीच सम्मान राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया।पुरस्कार पाने वालों में फुटबॉल के 55 खिलाड़ी, हॉकी के 39, वूशु के 24, आर्चरी के 23, तायकांडो के 17, रेसलिंग के 13, लॉन बॉल के 11, एथलीट के 11 समेत अन्य खेलों के कुल 222 खिलाड़ी शामिल हैं।
सीएम ने कहा खिलाड़ियों को सिर्फ मेडल के लिए तैयार नहीं करेंगे, बल्कि राज्य में खेल का वृक्ष तैयार करना है। आने वाले समय में खिलाड़ियों की नर्सरी वास्तविक रूप से सार्थक करने का प्रयास किया जाएगा। यही वजह है कि पंचायत से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोशिश शुरू कर दी है। पूर्व में बहुत ही कम राशि खिलाड़ियों को बतौर सम्मान वितरित की जाती थी, जो न्याय संगत नहीं था। कोई भी नकद पुरस्कार ₹50 हजार से कम ना हो। यह हमारी सरकार ने तय किया है। अब पुरस्कार ₹50 हजार से कम का नहीं है। इसकी अधिकतम सीमा ₹5 करोड़ तक सरकार ने तय की है। पूर्व के वर्षों में हमारे खिलाड़ियों को समझ में नहीं आता था कि खेलते हुए उनका भविष्य क्या होगा। लेकिन अब आप चिंता ना करें। आप खेल की दिशा में आगे बढ़े। आपके भविष्य की चिंता सरकार करेगी। आपका जीवन सुरक्षित हो, इसकी गारंटी के साथ आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। इस तरह का आयोजन लगातार होता रहे। ताकि इसका संदेश झारखण्ड ही नहीं पूरी दुनिया में गूंजे। हम इस परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि देश का कोई भी खेल बिना झारखण्ड के खिलाड़ियों के पूरा ना हो। हर खेल में हमारे झारखंडी खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करें।



