रांची: रांची के कांके की रहने वाली संदीपा कुमारी बेदिया ने संसद भवन में अपनी मातृभाषा नागपुरी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जीवनी पर प्रभावशाली संबोधन देकर न केवल झारखंड, बल्कि पूरी नागपुरी संस्कृति का मान बढ़ाया है।वह रांची (कांके) स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा हैं।बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती (14 अप्रैल 2026) के अवसर पर उन्हें संसद भवन के सेंट्रल हॉल में बोलने का मौका मिला। सीएम सोरेन ने सराहा ”शानदार संदीपा…आप खूब आगे बढ़ो, यही कामना करता हूं।”
इसके अलावा सीएम हेमंत सोरेन ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को भी बधाई दी है, ”सीबीएसई 10वीं परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी मेहनतकश छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई और जोहार।सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के मेरे होनहार विद्यार्थियों की उपलब्धि अत्यंत गर्व का विषय है, आप सभी को भी ढेरों शुभकामनाएं।राज्य सरकार हमारे स्कूलों में समग्र और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, ताकि हर बच्चे को बेहतर अवसर मिल सके।जो विद्यार्थी इस बार अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर पाए हैं, वे निराश न हों, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।”बता दें कि राज्य में कुल 80 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय हैं. इनमें से 76 विद्यालय का रिजल्ट जारी किया गया है.मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है. इस वर्ष परीक्षा में कुल 69.20 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे. पिछले वर्ष की तुलना में लगभग तीन फीसदी रिजल्ट अधिक रहा.




