Khunti: आज सीएम हेमंत सोरेन ने कहा , बहुत विचित्र बात है कि आज हम चांद पर पहुंचे हैं पर समाज के अंदर आदिवासी, पीवीटीजी, दलित, पिछड़ी जाति, अति पिछड़ी जाति आदि हक-अधिकार के लिए लड़ रहे हैं। आज के इस युग मे यह अंतर पट जाना चाहिए। मैं एक आदिवासी राज्य का नेतृत्व कर रहा हूँ। हम आज विकास के लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति की बात करते हैं,मगर दुर्भाग्य से वह कागजों और अखबारों में ही सिमटा दिखता है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिये आज झारखण्ड सरकार की आँखे, सरकार की आवाज, राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है और हर एक व्यक्ति को विकास की कड़ियों से हम जोड़ रहे हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी आप यहाँ आये हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आदिवासी विकास के जो लक्ष्य है, जिसे लेकर आज इस कार्यक्रम को लेकर आपने पूरे देश को जोड़ा है, यह आदिवासी समाज के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।आदिवासी समाज सदियों से अपने हक-अधिकार की लड़ाई लड़ता रहा है, चाहे वो अंग्रेजों से हो या महाजनों से। हमेशा फांसी पर लटकने के लिए भी तैयार रहा है।लेकिन दुर्भाग्य की बात है इतिहासकारों ने आजतक हम आदिवासियों को जगह नहीं दी।आज यहाँ से पीवीटीजी के लिए विशेष घोषणा हो रही है। यह समाज हम आदिवासियों के सबसे पिछड़े समाज से आता है। पीवीटीजी का उत्थान हम सभी का दायित्व है। यह सभी के लिए चुनौती है कि अगर पीवीटीजी नहीं बचे तो हम सभी आदिवासी भी अति सम्वेदनशील वर्ग में आ जायेंगे।माननीय प्रधानमंत्री जी, झारखण्ड कई मायनों को लेकर आगे बढ़ा है। चाहे खनिज संपदा हो, चाहे खिलाड़ियों को लेकर हो, या किसी अन्य विषय को लेकर हो। प्रधानमंत्री जी, हम यह आग्रह करना चाहेंगे कि यहाँ बड़े पैमाने पर आदिवासी जो जंगलों में बसते हैं उन्हें विस्थापन का दंश झेलना पड़ता है। खनिज सम्पदाओं को निकालने के लिए बड़े पैमाने में कई वर्षों से इनका विस्थापन होता रहा है।मैं आशा और उम्मीद करूंगा कि इस क्षेत्र में बसने वाले लोगों के प्रति भी ऐसी विशेष कार्ययोजना तैयार की जाय, जहाँ हमारे आदिवासी भाई-बहन अपने जल-जंगल-जमीन के साथ अपने आप को समग्र विकास की कड़ियों से जोड़ सके। उलिहातू की इस पावन भूमि में आप पहली बार आये हैं। इसी आशा उम्मीद के साथ कि आज के कार्यक्रम से आदिवासी समाज आगे बढे, आपको कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूँ।जय हिंद!जय झारखण्ड!जोहार!



