भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया।भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और उम्दा क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी का असामयिक निधन सभी के लिए स्तब्ध करने वाला है। झारखंड सीएम ने इसे क्रिकेट जगत की अपूरणीय क्षति बताया है। झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया”पूर्व क्रिकेट कप्तान और महान स्पिनर श्री बिशन सिंह बेदी जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। बिशन सिंह बेदी जी के निधन से क्रिकेट जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।”भारत के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के बेटे अंगद बेदी और अंगद की पत्नी एवं अभिनेत्री नेहा धूपिया बिशन सिंह बेदी के आवास पर पहुंचे।पूर्व भारतीय क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी की बेटी अंकिता बेदी ने कहा, “अंतिम संस्कार कल दोपहर 2 बजे लोधी श्मशान घाट पर होगा।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर ट्वीट किया, “देश ने अपने सबसे महान खेल आइकनों में से एक को खो दिया है। बिशन सिंह बेदी उन कुछ लोगों में से थे जिन्होंने स्पिन गेंदबाजी को एक कला के रूप में विकसित किया। उन्होंने क्रिकेट और क्रिकेटरों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं उनके परिवार के सदस्यों, क्रिकेट प्रेमियों के बड़े समुदाय और उनके प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।”

