रांची। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह परिवार और समाज को मजबूत बनाने वाले अटूट रिश्ते और जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है।मुख्यमंत्री ने माताओं और बहनों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संघर्ष के दौरान परिवार को संभालने के साथ-साथ झारखंड के निर्माण और देश के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जब एक नारी पढ़ती है और आगे बढ़ती है, तो केवल उसका जीवन नहीं बदलता, बल्कि पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि इसी विश्वास के साथ झारखंड सरकार माताओं-बहनों को शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना, पलाश, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान सहित विभिन्न सरकारी पहलों का उल्लेख किया।मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन योजनाओं और अभियानों के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को अपने सपनों को पूरा करने, आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों से संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा, बहनों की प्रगति और माताओं के सशक्तिकरण से ही परिवार, समाज, झारखंड और देश मजबूत होगा।मुख्यमंत्री ने अंत में सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




