रांची : झारखंड के कई हिस्सों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने 19 मार्च तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 21 मार्च तक अलग-अलग जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 22 मार्च से मौसम शुष्क हो सकता है। इसके अलावा विभाग ने वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है। गौरतलब है कि शनिवार को रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली। करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक रांची में लगभग 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हल्की ओलावृष्टि भी हुई है। 18 मार्च को राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती भागों में कुछ हिस्से में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रांची, रामगढ़, बोकारो जिले में पड़ने की संभावना है।



