रांची / उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा आने से बड़ा हादसा हुआ है। हादसे के समय सुरंग के भीतर 22 श्रमिक मौजूद थे। सुरंग से 19 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें 12 घायल और सात मृतक शामिल हैं.तीन लापता लोगों की तलाश जारी है.इस हादसे में झारखंड के खूंटी, गुमला समेत अन्य जिलों के कुछ श्रमिकों के फंसे होने की सूचना सामने आई जिसके बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के संबंध में जानकारी ली। धामी ने बचाव अभियान में हरसंभव प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया है।मुख्यमंत्री सोरेन ने निर्माणाधीन सुरंगों में बार-बार होने वाले हादसों पर चिंता जताते हुए कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन प्रकृति के सम्मान और पर्यावरणीय संतुलन के साथ। हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक और भूगर्भीय संवेदनशीलता के कारण ऐसे निर्माण कार्यों में सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
झारखंड सरकार की अपील
जिन परिवारों के सदस्य या परिचित इस परियोजना में काम करने गए हैं, वे श्रमिकों से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए राज्य सरकार के हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं:
- टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1800-3456-526
- व्हाट्सऐप: 9470132591
- व्हाट्सऐप: 9431336472
- व्हाट्सऐप: 9431336427
झारखंड के श्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर 1800-3456-526 को प्रवासी श्रमिक हेल्पलाइन के रूप में भी दर्ज किया गया है।




