रांची : आज प्रोजेक्ट भवन में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कुल 27 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।कैबिनेट ने रिम्स-2 परियोजना को मंजूरी देते हुए इसके लिए ₹4,189.41 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस फैसले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताते हुए कहा कि रिम्स-2 झारखंड में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा तथा राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके अलावा बैठक में आज निर्णय लिया गया कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट आगामी विधानसभा सत्र में पेश की जाएगी। इसके अलावा राज्य के प्रखंडों और अंचलों में झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना, झारखंड राज्य में डीबीजी (DBG) लागू करने तथा विकसित भारत ग्रामीण रोजगार योजना को भी स्वीकृति दी गई।कैबिनेट ने श्रावणी मेले के दौरान 30 जुलाई से 28 अगस्त तक 28 अस्थायी ओपी (पुलिस चौकी) स्थापित करने की अनुमति दी। इसके साथ ही बिरसा चौक गोलचक्कर से प्रोजेक्ट भवन होते हुए चांदनी चौक तक 2.69 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण के लिए 36.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में अखिलेश कुमार की पदोन्नति, झारखंड राज्य निम्नवर्गीय सेवा के गठन तथा झारखंड निजी विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत चंदनकियारी में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना को भी मंजूरी दी गई।




