चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0
irfan ansari

रांची: चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने राज्य में संभावित भारी बारिश और उससे उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।मौसम विभाग द्वारा 20 और 21 नवंबर को झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC), सिविल सर्जनों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।

किसानों की फसल को नुकसान होने पर मिलेगा मुआवजा

मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसल की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि लगभग 75 प्रतिशत फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। भारी बारिश से फसलों को नुकसान होने की स्थिति में तत्काल सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

अस्पतालों में दवाइयों और एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मंत्री ने सभी अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, डॉक्टर, एंबुलेंस और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा है। वहीं, निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।

आपदा से पहले तैयारी पर जोर

मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य आपदा के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उससे पहले ही ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।उन्होंने कहा, “जान-माल का नुकसान कम से कम हो, यह हमारी प्राथमिकता है। आपदा आने का इंतजार नहीं करना है, बल्कि पहले से पूरी तैयारी रखनी है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here