आज सीएम हेमंत सोरेन बोकारो जिले के नावाडीह में करोड़ों रुपयों की योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए।मुख्यमंत्री हेमंत Soren द्वारा ₹745.65 लाख की 16 योजनाओं का उद्घाटन एवं ₹14775.17 लाख की 53 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। कुल ₹15520.82 लाख की 69 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन एवं 10 हजार से अधिक लाभुकों के बीच ₹56 करोड़ 36 से अधिक की परिसंपत्ति का वितरण हुआ। नावाडीह स्थित बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम में आयोजित महत्वकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास,उद्घाटन तथा परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर सीएम ने शुभारम्भ किया। सीएम ने कहा कई लाभुकों ने अपनी बातों को रखा। सुनकर अच्छा लगा। सरकार ने योजना आपके लिए बनाई है। आप एक हाथ बढ़ाएं। सरकार आपके दोनों हाथ पकड़ आपको अपने पैरों पर खड़ा कर आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। आप एक कदम चलें, हम चार कदम आपके साथ चलेंगे। इस सोच के साथ कार्य हो रहा है।
सीएम ने कहा आज आदरणीय स्व टाइगर महतो जी की जन्मस्थली, कर्मस्थली बोकारो जिले के नावाडीह में लोगों के बीच आकर करोड़ों रुपयों का उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्ति वितरण करने का सौभाग्य मिला।कोरोना काल में आमजन की सेवा करते हुए टाइगर जगरनाथ दा बीमार हुए। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी, मगर वह जनता के बीच जाते रहे। कभी वह मोटरसाइकिल में दूर-दराज के क्षेत्रों में लोगों के बीच जाते रहे, कभी स्कूल में बच्चों के बीच रहे। वह सदैव लोगों की सेवा करते रहे। आज टाइगर जगरनाथ दा हमारे बीच नहीं हैं मगर वह हमेशा अमर रहेंगे। यह सरकार उनके सपनों और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करेगी। गोमिया में डिग्री कॉलेज बनकर तैयार हो गया है। उस डिग्री कॉलेज का आज उद्घाटन हो रहा है। नावाडीह में डिग्री कॉलेज का भी आज शिलान्यास किया जा रहा है। इस अवसर पर आप सभी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार।



