रांची। शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आहूत झारखंड बंद का राज्यभर में असर देखने को मिला। BJP कार्यकर्ताओं ने विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतरकर बंद का समर्थन कराया। पार्टी ने दावा किया कि बंद को आम जनता और व्यवसायी वर्ग का व्यापक समर्थन मिला।BJP नेता आदित्य साहू ने कहा कि बंद को मिला जनसमर्थन यह स्पष्ट संदेश है कि झारखंड की जनता छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
रांची में BJP कार्यकर्ताओं ने हरमू चौक, किशोरगंज चौक, अरगोड़ा चौक और कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।बंद के दौरान शहर के कई निजी स्कूल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और प्रमुख बाजार बंद रहे। वहीं, प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने से अल्बर्ट एक्का चौक, कचहरी रोड और लालपुर सहित कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।




