रांची। छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के 24 जिलों में चार दिवसीय आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने के बावजूद छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए हैं। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे और डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव कर छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाएंगे।भाजपा के अनुसार आंदोलन की शुरुआत 8 सितंबर से होगी। इस दिन रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में प्रदर्शन किया जाएगा।9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में आंदोलन होगा। वहीं 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।आंदोलन के अंतिम दिन 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और घेराव का कार्यक्रम रखा गया है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य की JMM-कांग्रेस सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 1,000 से अधिक छात्रों पर FIR दर्ज की गई है, रात में पुलिस की दबिश दी जा रही है और कोचिंग संचालकों को धमकाया जा रहा है। साहू ने आरोप लगाया कि छात्रों पर हमला करने वाले JMM कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।आदित्य साहू ने कहा, “सत्ता का मतलब भय पैदा करना नहीं है। झारखंड की जनता इसका जवाब जानना चाहती है।” उन्होंने कहा कि छात्रों के सम्मान और न्याय की लड़ाई अब सड़क से सदन तक जारी रहेगी।भाजपा ने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस कराना और उनके हक-अधिकार की लड़ाई को मजबूती देना है।




