झारखंड के हजारीबाग जिले में कोर्रा थाना क्षेत्र के सौरव नगर स्थित सूबेदार अजीत कुमार सिंह के घर 10 लाख के जेवरात और एक लाख नगद की चोरी हुई है. इस घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों को आज शुक्रवार की सुबह हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि एक रिश्तेदार के घर बिहार के शेरघाटी मुंडन कार्यक्रम में 17 मार्च को गए थे. घर बंद था. घर को सुनसान पाकर इत्मीनान से सभी कमरे की अलमारी तोड़कर 10 लाख रुपये के जेवरात और नगद एक लाख रुपये की चोरी कर ली और चोर चलते बने. परिजनों ने बताया कि सूबेदार की बेटी की शादी नवंबर में तय हुई थी. फरवरी में बेटी की मंगनी हुई थी. बेटी के लिए जेवरात खरीदकर रखा हुआ था.
बताया जाता है कि घर के मुख्य दरवाजा में लगे ताला को तोड़कर चोर अंदर घुसे. घर के अंदर घुसने के लिए घर के दरवाजे का दूसरा ताला तोड़कर कमरे में घुसे. इसके बाद घर को सुनसान पाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. घर के बगल के होटल के सीसीटीवी कैमरे को कोर्रा पुलिस ने खंगाला है. हालांकि सीसीटीवी कैमरे में कोई स्पष्ट तस्वीर नहीं मिली है. इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि जांच चल रही है. भुक्तभोगी ने अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया है.



