बिहार कांग्रेस में उथल-पुथल/ शक्ति सिंह गोहिल के बाद प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी की इस्तीफे की पेशकश

0

Biharबिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से बिहार कांग्रेस में उथल-पुथल चल रही है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में प्रदर्शन की समीक्षा के फैसले के बाद अब बिहार चुनाव में जिम्मेदारी संभालने वाले कई नेताओं ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश कर दी है।
यहां तक कि चुनाव प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज भी दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद उठ रहे सवाल के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दिया है। वहीं, अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी इस्तीफे की पेशकश की है।
कांग्रेस आलाकमान ने मदन मोहन झा को दिल्ली तलब किया है। भास्कर ने दो दिन पहले ही बता दिया था कि प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का हटना तय है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओं ने टिकट बंटवारे में लेन-देन और अन्य गड़बड़ियों के आरोप भी लगाए थे।
दोनों नेताओं ने यह फैसला ऐसे वक्त में लिया है, जब दिल्ली में कांग्रेस की बैठक हुई थी, जहां जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने की बात उठी थी। सूत्रों की मानें तो कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने पदों से इस्तीफे की पेशकश की है।
इससे पहले बुधवार को बिहार से संबंधित कई कांग्रेस नेताओं ने हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर व्यापक समीक्षा की पैरवी भी की। मालूम हो कि कांग्रेस नेताओं का एक धड़ा बिहार चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की मांग कर रहा है। पिछले दिनों वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने तो अब कारगर कदम उठाने की पैरवी की। कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर भी कह चुके हैं कि बिहार चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर आत्मचिंतन होना चाहिए। ranjana