झारखण्ड : दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन पर आधारित तीन घंटे की फीचर फिल्म बनाने की तैयारी चल रही है। यह फिल्म गुरुजी के साथ रहे लोगों की जुबानी, पूरी तरह तथ्यपरक होगी।इसी कड़ी में झारखंड के पर्यटन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू उन आंदोलनकारियों से मिल रहे हैं. बुधवार शाम झारखंड सरकार के केबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू धनबाद के राजगंज प्रखंड स्थित लाठाटांड़ गांव, झामुमो के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व मुख्य प्रवक्ता शंकर किशोर महतो से मिलने उनके आवास पहुंचे और उन्हें बिरसा मुंडा की तस्वीर देकर सम्मानित किया।मंत्री ने कहा कि गुरुजी के करीबी साथियों में अब बहुत कम लोग बचे हैं और शंकर किशोर महतो आंदोलन के महत्वपूर्ण साक्षी रहे हैं। उन्होंने झारखंड अलग राज्य आंदोलन, उसकी परिस्थितियों, जेल यात्राओं और शुरुआती राजनीतिक इतिहास की जानकारी ली। मंत्री ने बताया कि फिल्म के लिए दक्षिण भारत से रिसर्च टीम जल्द झारखंड आएगी और आंदोलन से जुड़े लोगों से संवाद करेगी।मंत्री ने शंकर किशोर महतो की कहानी मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया तथा बीबीएम जनजातीय उच्च विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित थे।




