हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार (22 अगस्त 2026) की सुबह पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान गैंग के दो सक्रिय गुर्गों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। सुबह के अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह का तीसरा सदस्य पास के जंगल की ओर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।घायल दोनों अपराधियों को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, गोलियां, खोखा, लेवी वसूलने वाले धमकी भरे पर्चे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।शुरुआती जांच के अनुसार, ये अपराधी चंद्रगुप्त परियोजना और कोयलांचल क्षेत्रों के आसपास फायरिंग कर रंगदारी (लेवी) के लिए पर्चा छोड़ने तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।




