झारखंड / मंईयां सम्मान योजना की लाभुक अगली किस्त के इंतजार में है। नियम के मुताबिक हर महीने 15 तारीख तक लाभुकों के खाते में पैसा ट्रांसफर कर देना है। जनवरी माह का डेडलाइन खत्म होने के बाद अब फरवरी माह का भी डेडलाइन क्रॉस हो रहा है। लेकिन खातों में 2,500 रुपए नहीं आए हैं। जल्द किस्त जारी नहीं होने पर भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन की धमकी दे दी है। मामले पर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरना शुरु कर दिया है। जिस पर कांग्रेस प्रवक्ता जगदीश साहू ने भरोसा दिलाया है कि दो-चार दिन में लाभुकों के खाते में पैसे पहुंच जाएंगे.जगदीश साहू ने कहा है कि दो माह का पैसा एक साथ चला जाएगा. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि विलंब पर राजनीति करने वाली भाजपा को बताना चाहिए कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में महिलाओं से किए वादे को क्यों नहीं पूरा कर रही है.




