झारखण्ड : उच्च न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद गिरिडीह में जबरन टोल वसूली के खिलाफ आवाज उठाने पर पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना को भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने पुलिस प्रशासन की विफलता का परिणाम बताया है।उन्होंने आज घायल पत्रकारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने सीएम सोरेन से मामले पर एक्शन लेने को अपील की है।उन्होंने कहा “जिला प्रशासन ने दबंगों को ऐसी रंगदारी वसूलने की खुली छुट दे रखी है। सीएम हेमंत सोरेन जी, उक्त मामले का संज्ञान लेकर प्रशासनिक संरक्षण में जबरन टोल वसूलने वाले पूरे गिरोह के ऊपर विधिसम्मत कारवाई करें।”बता दे कि हाईकोर्ट द्वारा नगर निगम टोल वसूली पर रोक लगाने के बावजूद गिरिडीह में टोल वसूला जा रहा है। इसकी खबर बनाने पहुंचे इटीवी भारत के पत्रकार को भी नहीं छोड़ा।गिरिडीह टुंडी मार्ग पर अजीडीह के पास अमरनाथ सिन्हा खबर संकलन करने पहुंचे थे. वह खबर संकलन कर ही रहे थे कि अचानक सात आठ की संख्या में आए गुंडों ने उनपर हमला कर दिया. गुंडों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. लाठी-डंडे से वार कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और चेहरे पर भी वार किया. मौके पर पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने अमरनाथ समेत सभी पत्रकारों को टोलकर्मियों से बचाया।




