रांची : सीएम हेमंत सोरेन ने आज झारखण्ड के कर्मियों को त्यौहार-पर्व के बीच छुट्टी नहीं दिए जाने पर चुनाव आयोग से छुट्टी के लिए अनुरोध किया है. सीएम ने एक्स पर कहा 31 अक्टूबर को दीपावली थी, अब भैया दूज, सोहराय, गोहाल पूजा, बांधना पर्व और चित्रगुप्त पूजा है और 04 नवम्बर से 08 नवम्बर तक छठ महापर्व है।ये पर्व झारखण्ड के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसमें सभी आमजन, सरकारी कर्मी, पुलिस कर्मी छुट्टी लेकर अपने घर जाते हैं। लेकिन सूचना मिली है कि जिला प्रशासन चुनाव एवं प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित दौरे को लेकर किसी प्रकार की छुट्टी नहीं दे रहे हैं।चुनाव आयोग से अनुरोध है कि स्पष्ट निर्देश जिले के डीसी, एसपी को दें कि पूजा हेतु इन कर्मियों को छुट्टियां दें, छुट्टियों को रद्द न करें।साथ ही बड़ी संख्या में बस एवं अन्य वाहनों को जिला प्रशासन ने चुनाव कार्य हेतु जप्त कर रखा है। वे इन वाहनों को 02 नवम्बर से 08 नवम्बर तक अस्थायी रूप से छोड़ें ताकि आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर घर पहुंचने में लोगों को असुविधा न हो।




