Ranchi: झारखण्ड में पहली बार महिला पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया गया है।आज रांची में दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला पुलिस सम्मेलन कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन शामिल हुए। सीएम ने कहा मुझे बताया गया है कि इस दो दिवसीय सम्मेलन में महिला पुलिस के सशक्तिकरण को लेकर कई सुझाव आये हैं जिन पर गंभीरता से काम किया जाएगा। राज्य में पुलिस महकमे के सुदृढ़ीकरण को लेकर पूर्व में भी विभिन्न कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारा गया।मुझे यह भी बताया गया है कि झारखण्ड पुलिस द्वारा ऐसा आयोजन हर साल किया जाएगा, जबकि मेरा मानना है कि ऐसे सम्मेलन का आयोजन हर छह महीने में किया जाए। महिला पुलिस या महिला समूह की समाज में बहुत बड़ी भूमिका होती है। आज महिलाएं, पुरूषों के साथ कई क्षेत्रों में कंधों से कंधा मिलाकर चल रही हैं।पुलिस की जिम्मेदारी भी अत्यंत संवेदनशील होती है। पुलिस को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक और न्यायपूर्वक निर्वहन करना होता है। मेरा मानना है कि कभी कोई महिला उत्पीड़न की शिकायत को लेकर थाने पहुंचती है तो केस डायरी लिखने वाला व्यक्ति महिला क्यूँ नहीं हो? महिला पुलिस का विभिन्न महिला हॉस्टल्स या महिला समूहों से भी लगातार संपर्क होना चाहिए जिससे वे लोग अपनी बातें बेजिझक आपसे साझा कर सकें।हमारी पुलिस में महिला समूह ऐसे आगे बढ़े कि जहां आपकी संख्या 5-6% है वो 50% तक पहुँच जाए, उसके लिए सरकार से जो मदद चाहिए होगी वो उपलब्ध होगी।हम लोगों की अगर नींव मजबूत होगी तभी हम आगे बढ़ पायेंगे। झारखण्ड पुलिस सशक्त होकर आगे बढ़े, यही हमारी सोच है। आप सभी को आज इस अवसर पर अनेक-अनेक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।




