प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने साहिबगंज के एसपी नौशाद आलम को 22 नवंबर को ईडी के रांची जोनल ऑफिस में पेश होने को कहा है. साहिबगंज के एसपी नौशाद आलम पर गंभीर आरोप हैं .ईडी की जांच में अवैध खनन मामले में गवाह विजय हांसदा को ईडी का विरोधी बनाने में नौशाद आलम को शामिल पाया गया है.बता दें कि विजय हांसदा ने इडी को दिये अपने बयान में नींबू पहाड़ पर पंकज मिश्रा और उसके सहयोगियों द्वारा अवैध खनन करने के मामले में अपना बयान दर्ज कराया था. अवैध खनन मामले में इडी का गवाह विजय हांसदा अपने पूर्व के बयान से मुकर गया था . इससे पहले वह पीएमएलए कोर्ट द्वारा गवाही के लिए जारी समन के आलोक में कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहा था.विजय हांसदा बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक गवाही देने कोर्ट आ धमका था, जबकि ईडी ने उसको गवाही के लिए समन भी नहीं किया था. मामले की सुनवाई ईडी के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत में चल रही है. हालांकि विजय हांसदा की गवाही भी पूरी नहीं हो सकी थी. इससे पूर्व मामले में दो की गवाही दर्ज की जा चुकी है.



