रांची: राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मौसम बदल गया है.छिटपुट बारिश के साथ ही ठंड भी बढ़ने लगी है.दिन में बादल और धूप के कारण मौसम सामान्य रहता है, लेकिन देर शाम ठंड का अहसास होने लगता है। लोग गर्म कपड़े निकाल रहे हैं.रांची में शाम होते ही ठंड का असर बढ़ने लगता है.मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला और बारिश हुई.इस कारण ठंड का असर बढ़ गया है.मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी रांची समेत कई जिलों में बादल छाये रहेंगे.दिन में मौसम सामान्य रहेगा.अगले एक-दो दिन तक बादलों का असर रहेगा।पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है.ठंड बढ़ गई है.उन्होंने कहा कि बादल छंटने के बाद आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट हो सकती है.ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है.मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो में सबसे ज्यादा 53 मिमी बारिश दर्ज की गई.जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री गोड्डा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री गढ़वा में रिकॉर्ड किया गया.24 घंटे में रांची के अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट आयी है.रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा.एक दिन पहले यह 31.4 डिग्री तक चला गया था।



