बिहार के अररिया जिले में एक स्थानीय पत्रकार की आज सुबह अज्ञात बंदूकधारियों ने उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रानीगंज बाजार इलाके की है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे दुखद घटना बताया है और कहा है कि खबर सुनते ही उन्होंने तुरंत अधिकारियों को अपराध की जांच करने का निर्देश दिया. उन्होंने पटना में संवाददाताओं से कहा, ”किसी पत्रकार को इस तरह कैसे मारा जा सकता है.”पुलिस ने बताया कि अररिया के रानीगंज थाना अंतर्गत दिo 18.08.23 को करीब 05ः30 बजे ग्राम-प्रेमनगर में विमल कुमार (35 वर्ष), सा0-प्रेमनगर को अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा उनके दरवाजे पर जाकर आवाज देकर बुलाया गया और गोली मार दी गई, जिससे विमल यादव की मृत्यु हो गई।सूचना पर थानाध्यक्ष द्वारा करीब 05ः35 बजे घटनास्थल पर पहुँचकर मामले की जाँच की गयी, पुलिस अधीक्षक, अररिया द्वारा भी घटनास्थल का भ्रमण किया गया है I शव को अन्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया गया है। मृतक दैनिक जागरण समाचार पत्र के स्थानीय पत्रकार बताये जा रहे हैं।प्रारम्भिक जाँच में घटना का कारण मृतक का अपने पड़ोसी के साथ पुरानी रंजिश बतायी जा रही है।अग्रतर अनुसंधान एवं कार्रवाई की जा रही है।घटनास्थल पर FSL एवं डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है I



