जमशेदपुर : घाटशिला में गुरुवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अपराधियों में उलीडीह का साजन मिश्रा, सरायकेला के कपाली का शाहिद खान उर्फ शहजादा, एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा का रोहित कुमार गुप्ता और शिवरंजन यादव उर्फ शिवपूजन, बिरसानगर का तापस दास, एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा का गोरांगो पुष्टि और दिव्यांशु शामिल हैं ओझा पारडीह का रहने वाला है.पुलिस ने घटना स्थल से उनके पास से चार पिस्तौल, कई राउंड जिंदा कारतूस के साथ खाली कारतूस भी बरामद किया है. वहीं, पुलिस ने मौके से अपराधियों की दो कारें भी बरामद की हैं. शुक्रवार को पुलिस ने सभी बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. जानकारी देते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि घाटशिला के कापागोड़ा स्थित एक ढाबा में कुछ अपराधी किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.सूचना मिलने के बाद एक टीम गठित कर छापेमारी की गयी. पुलिस को देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली साजन मिश्रा के पैर में लगी. पुलिस ने सभी अपराधियों को जेल भेज दिया है. एसएसपी के मुताबिक साजन मिश्रा और रोहित कुमार गुप्ता पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.



