रांची: भारत में कोरोना एक बार फिर पैर पसार रहा है क्योंकि पिछले 24 घंटे में 1146 नए मरीज मिले हैं जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16354 हो गई है. वहीं 7 लोगों की संक्रमण से मौत भी हो गई है.कोरोना से दिल्ली में दो, गुजरात में एक, कर्नाटक में दो और पंजाब में दो संक्रमित लोगों की जान जा चुकी है. झारखंड में पिछले 24 घंटे में दो नए संक्रमित मरीज मिले हैं. जिसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है. कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर है.
इस दौरान अस्पताल में ऑक्सीजन युक्त बेड, आईसीयू बेड, मैनपावर सहित आवश्यक दवाओं के स्टॉक की समीक्षा की गई. कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 27 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की गई थी.वीडियो कांफ्रेंसिंग में एनएचएम के अभियान निदेशक भुवनेश प्रताप ने निर्देश दिया था कि 10 व 11 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर पर मॉक ड्रिल की जाएगी. वहीं एक अप्रैल को झारखंड के सभी अस्पतालों में मॉक ड्रिल होगी. निर्देश के आलोक में सदर अस्पताल में मॉक ड्रिल की गई।
सदर अस्पताल में हवा से ऑक्सीजन पैदा करने वाली दो पीएसए यूनिट (800 लीटर प्रति मिनट क्षमता) के अलावा 1 पीएसए प्लांट (100 लीटर प्रति मिनट क्षमता) और 20 हजार लीटर क्षमता का लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) लगाया गया है. नोडल अधिकारी मॉक ड्रिल डॉ. शशिभूषण खलखो ने बताया कि केरल, महाराष्ट्र और गुजरात में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी है.वहीं एमडी एनएचएम से मिले निर्देश के आलोक में सदर अस्पताल में मॉक ड्रिल किया गया. इस दौरान मरीज को वार्ड में भर्ती कर एंबुलेंस, स्क्रीनिंग व इलाज की व्यवस्था कर अस्पताल लाने के लिए मॉक ड्रिल की गई।वहीं सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. खेतान ने कहा कि समय रहते व्यवस्था का आकलन करने से संक्रमित मरीजों के इलाज में राहत मिलेगी. मॉक ड्रिल के दौरान कोरोना मरीजों के इलाज को लेकर हर पहलू पर ध्यान दिया गया है.



