रामगढ़ जिले में पश्चिम बोकारो पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के सरगना सहित दस सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से ग्यारह बाइक भी बरामद की गई हैं।रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार ने आज संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रामगढ़ जिले के पश्चिमी बोकारो ओपी क्षेत्र के अंतर्गत सरुबेड़ा 04 नंबर चौक के पास अपराध विरोधी एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है.एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह सभी बाइक चोर गिरोह के सदस्य अपने ऐशो आराम के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. बाइक बेचने के बाद जो पैसे मिलते थे, उनसे वह महंगे जूते, महंगे कपड़े व होटलों में अय्याशी करते थे.रांची, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग जिले में रेकी कर टारगेट फिक्स करते थे. उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देकर ग्रामीण इलाकों में महंगे बाइक को सस्ते दामों पर खपा देते थे. इनकी गिरफ्तारी से रामगढ़ जिले में ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में भी बाइक चोरी की घटना में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस बल को देखकर उक्त मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति ने मोटरसाइकिल छोड़कर भागने का प्रयास किया. हालांकि, उसे वहां मौजूद पुलिस बल ने पकड़ लिया.पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम बरकाचुंबा निवासी मनीष कुमार करमाली बताया। उसके द्वारा पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी की है। उसने कबूल किया कि वह गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ पिछले साल से रामगढ़, रांची और हजारीबाग जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया।पुलिस ने इस संबंध में वेस्ट बोकारो थाने में मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार महतो, संतोष कुमार महतो, हरिचरण बेदिया, आशीष कुमार मुंडा, मिथुन कुमार, सौरव कुमार मुंडा, मनीष कुमार करमाली, राहुल कुमार राय, मनोज कुमार भुइयां और रवि ठाकुर के रूप में हुई है.



