टीम इंडिया (Team India) पहली बार एजबेस्टन में टेस्ट मैच जीतने की उम्मीद लगाए होगी. भारत और इंग्लैंड के बीच 5वां टेस्ट यहीं खेला जा रहा है. टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 3 विकेट पर 125 रन बना लिए हैं. उसकी कुल बढ़त 257 रन की हो गई और मैच में अभी 2 दिन बचा हुआ है. भारतीय टीम ने इससे पहले एजबेस्टन में कुल 7 टेस्ट खेले हैं और 6 में उसे हार मिली है. एक मैच ड्रॉ रहा है. जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) 5वें टेस्ट में कप्तानी कर रहे हैं. उन्हें पहली बार टीम की कमान मिली है. ऐसे में वे भी जीत के साथ आगाज करना चाहेंगे. एजबेस्टन में इंग्लैंड के लिए चौथी पारी में लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं रहने वाला. यहां अब तक सिर्फ 2 ही बार 200 से अधिक बनाकर कोई टीम मैच जीत सकी हैं. 2008 में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट पर 283 रन बनाकर मैच जीता था. वहीं इंग्लैंड ने 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 211 रन बनाकर मैच अपने नाम किया था. रिकॉर्ड बताते हैं कि एजबेस्टन में टेस्ट की चौथी पारी में कभी 300 रन नहीं बने हैं. लेकिन इंग्लिश टीम ने पिछले 2 टेस्ट में जिस अंदाज में लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की है, उससे टीम इंडिया सावधान होगी. उसने दाेनों ही मैच में 290 से अधिक रन का लक्ष्य लगभग 50 ओवर में हासिल कर लिया. नॉटिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 299 रन के लक्ष्य को 50 ओवर में हासिल कर लिया था. जॉनी बेयरस्टो ने 92 गेंद पर शानदार 136 रन बनाए थे. कप्तान बेन स्टोक्स ने भी 70 गेंद पर नाबाद 75 रन की आक्रामक पारी खेली थी. यानी दाेनों बेहद खतरनाक बल्लेबाज हैं. इंग्लैंड ने लीड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से मात दी थी. 296 रन के लक्ष्य को उसने 54.2 ओवर में हासिल कर लिया था. बेयरस्टो 44 गेंद पर 71 रन बनाकर अंत तक डटे रहे.


