भारत के पूर्व क्रिकेटर और विश्व विजेता कप्तान एमएस धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उसके बाद हालांकि वह अभी भी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं। लेकिन अब धोनी भी अपनी नई पारी के लिए तैयार हैं और रिपोर्ट के मुताबिक वह जल्द ही फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाले हैं. कहा तो यह भी जा रहा है कि धोनी का फिल्म डेब्यू बतौर प्रोड्यूसर होगा और वह इसकी शुरुआत साउथ इंडस्ट्री के स्टार विजय थलपति के साथ कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो खुद एमएस धोनी ने साउथ सुपरस्टार को अपनी फिल्म करने के लिए कहा है। गौरतलब है कि धोनी 2008 से आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि उनका साउथ से लगाव भी काफी है। उन्हें वहां ‘थाला’ यानी बड़ा भाई माना जाता है। धोनी तमिलनाडु में काफी लोकप्रिय हैं और अब वह वहां की इंडस्ट्री से अपना फिल्मी करियर शुरू करना चाहते हैं। हाल ही में उनका प्रोडक्शन हाउस लॉन्च हुआ था जिसमें एक एनिमेशन सीरीज भी बनाई गई थी।
खैर, खबरें हैं कि धोनी विजय के साथ बतौर फिल्म प्रोड्यूसर डेब्यू करने जा रहे हैं। लेकिन सुनने में यह भी आ रहा है कि इस फिल्म में क्रिकेटर को कैमियो करते भी देखा जा सकता है. आज साउथ सुपरस्टार का जन्मदिन भी है। इस मौके पर एमएस धोनी के फैन्स ने भी विजय थलपति को शुभकामनाएं भेजी हैं। यानी बड़े पर्दे पर भी एमएस धोनी अपने फैन्स को नजर आ सकते हैं. गौरतलब है कि धोनी के जीवन पर आधारित एक बायोपिक भी बन चुकी है, जिसका नाम ‘एमएस डोनी द अनटोल्ड स्टोरी’ था। इस फिल्म में उनके किरदार को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने पर्दे पर निभाया था।
IPL 2023 हो सकता है धोनी का आखिरी सीजन!
एमएस धोनी आखिरी आईपीएल कब खेलेंगे? वह आईपीएल से कब संन्यास लेंगे? ये सवाल आईपीएल 2020 से लगातार चल रहे हैं। धोनी से जब यह सवाल पूछा जाता है तो वह हमेशा कहते हैं कि वह चेन्नई के चेपॉक में अपना विदाई मैच वहां की स्थानीय जनता के सामने खेलना चाहते हैं। कोरोना के चलते आईपीएल का 13वां सीजन (2020) पूरी तरह से यूएई में और 2021 सीजन हाफ का आयोजन भारत में और दूसरे चरण का आयोजन यूएई में हुआ था। इस साल सभी लीग मैच मुंबई और पुणे में और प्लेऑफ मैच कोलकाता और अहमदाबाद में हुए। ऐसे में उम्मीद है कि अगला सीजन पूरे भारत में होगा और शायद यह सीजन एक खिलाड़ी के तौर पर एमएस धोनी का आखिरी सीजन भी होगा।



