सोमवार की सुबह झारखंड के हजारीबाग के बरही के पंचमाधव में स्थानीय लोगों को कुएं में एक महिला की लाश मिला हैI महिला के हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथ पैर बांधकर उसे कुएं में डुबा दिया गया। मृत महिला की पहचान कलावती देवी, (37 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पति का नाम प्रयाग यादव है।
जानकारी के अनुसार महिला रविवार को सुबह के 11 बजे दिन में घर से अपने खेत जाने के लिए निकली थी। दिनभर घर नहीं लौटी। शाम में आंधी पानी के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो घर वालों ने रात भर उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह में कुएं में लाश होने की जानकारी मिली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस प्रक्रिया कर रही है। आसपास के लोगों के मुताबिक उसकी हत्या की गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।



