राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली बस स्टैंड स्थित एक होटल में एक युवक की हत्या कर दी गई है। शनिवार सुबह होटल के कमरे से नजीम नाम के युवक का शव बरामद किया गया है। वह रांची के आजाद नगर कॉलोनी का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह बात निकल कर सामने आई है कि मृतक ऑटो चलाने का काम करता है। इसके साथ चोरी के कई वारदातों में भी वह शामिल रहा है। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि चोरी के माल के बटबारे को लेकर ही होटल में मीटिंग चल रही थी। अचानक किसी बात पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने गमछे से गला दबाकर नजीम की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। लोअर बाजार थाना प्रभारी ने बताया , होटल से मिले फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान हो गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बहुत जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। हालांकि पुलिस एहतियातन आरोपियों का नाम बताने से बच रही है।



