दरिंदगी :कलियुगी बेटा ने पहले मां की हत्या की फिर घर के आंगन में हीं मां की चिता जलाई , उसी चिता पर मुर्गा सेंककर भी खाया

0

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मनोहरपुर थाना क्षेत्र के जोजोगुटू गांव के नवाबीर टोले में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। हत्या के बाद घर के आंगन में ही मां की चिता जलाई। इसके बाद उसने मां की चिता पर मुर्गा सेंककर खाया। घटना बीते शुक्रवार रात लगभग आठ बजे की है।

घटना को अंजाम देने के बाद बेटा रातभर घर में ही रहा। शनिवार सुबह उसने अपनी मां की अधजली लाश को घर के अंदर चूल्हे में फेंक दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना को अंजाम देने वाले 35 वर्षीय बेटे का नाम प्रधान सोय है। मृत मां 60 वर्षीय महिला का नाम सुमी सोय है। इस घटना की चश्मदीद उसकी भाभी सोमवारी सोय ने शनिवार सुबह घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी प्रधान सोय को पकड़ कर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अधजले शव के कुछ अवशेष को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी प्रधान सोय को गिरफ्तार कर कार्रवाई में जुट गई है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग पांच से पांच वर्ष पूर्व आरोपी ने अपने पिता गोपाल सोय को भी मार डाला था। दो वर्ष पूर्व ही प्रधान जेल से छूट कर आया था।

पहले भाभी को लाठी-डंडे से पीटा
घटना को लेकर प्रधान की भाभी सोमवारी सोय ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग आठ बजे वह और उसकी सास सोने की तैयारी कर रही थी। इतने में प्रधान सोय नशे की हालत में घर पहुंचा और उसे लाठी-डंडे से पीटने लगा। इसके बाद सोमवारी अपने दुधमुंहे एक महीने के बेटे को लेकर घर से निकल कर कुछ दूर एक पेड़ के पास जाकर छिप गई। इसके बाद सोमवारी ने देखा कि प्रधान सोय ने घर के आंगन में अपनी 60 वर्षीय मां सुमी सोय को लाठी-डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घर के आंगन में ही लकड़ी व धान-भूसे की चिता सजा कर मां के शव को जलाने लगा। कुछ देर बाद जलती हुई चिता पर प्रधान ने मुर्गा सेंक कर खाया और फिर घर के अंदर सोने चला गया। घटना से डरी-सहमी सोमवारी ने रात को मामले की जानकारी अपने पड़ोसियों को दी। जब पड़ोसी घर के पास पहुंचे और प्रधान को आवाज लगायी तो प्रधान उन्हें भी मारने की कोशिश करने लगा। रात बीत जाने के बाद शनिवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे जब सोमवारी घर के आंगन में पहुंची तो देखा कि प्रधान अपनी मां के अधजले शव को घर के अंदर ले गया और चूल्हे में डाल दिया। इसके बाद वह भागने लगा। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रधान के हाथ-पैर को रस्सी से बांधकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।

काफी मशक्कत के बाद शव के अवशेष बरामद
घटना की जानकारी मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी, पुलिस निरीक्षक फागु होरो, थाना प्रभारी राहुल कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जब पुलिस पहुंची तो पाया कि शव पूरी तरह जल गया है। केवल शरीर के बीच के कुछ हिस्से बचे हुए हैं। फिर घंटेभर की मशक्कत के बाद पुलिस ने अधजले शव को पानी से बुझा कर अवशेष को जब्त किया।

पिता को भी पीटकर मार डाला था
घटना को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि पांच से छह वर्ष पूर्व आरोपी प्रधान सोय अपने पिता गोपाल सोय की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि अपने पिता की भी आरोपी ने लाठी-डंडे से पीट कर हत्या कर दी थी। लगभग दो वर्ष पूर्व ही वह जेल से छूटकर निकला है।

आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया,पुलिस कार्रवाई कर रही है : डीएसपी
मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक सुमी सोय के अधलजे शव के अवशेष बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपी प्रधान सोय को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।