रांची यूनिवर्सिटी का मुख्य गेट हुआ सील, कोविड के रोकथाम के लिए लिया गया फैसला

0

राजधानी में सुरक्षा के दृष्टिकोण से रांची विश्वविद्यालय ने शहीद चौक की ओर खुलने वाली मुख्य गेट को सील कर दिया है. विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था की गई गई है.

 

कोरोना महामारी को लेकर हर तरफ भय व्याप्त है. कोरोना के दूसरी लहर से शिक्षण संस्थानों में हड़कंप है. विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं. वहीं रांची विश्वविद्यालय ने भी सभी ऑफलाइन क्लासेस स्थगित कर दिया है, लेकिन डिग्री समेत विभिन्न कामकाज को निपटाने के लिए विद्यार्थी आरयू मुख्यालय पहुंच रहे हैं. ऐसे विद्यार्थियों और आरयू के पदाधिकारियों के साथ-साथ कर्मचारियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रांची विश्वविद्यालय ने फिलहाल मुख्य गेट को सील कर दिया है. शहीद चौक की ओर से खुलने वाली आरयू का मुख्य गेट शुक्रवार से सील कर दिया गया है. कर्मचारियों के साथ-साथ विद्यार्थियों को दुर्गा बाड़ी के पीछे की ओर से जाने वाली गेट से प्रवेश करने का निर्देश दिया गया है.

आरयू का मुख्य गेट अपर बाजार के सामने शहीद चौक के पास खुलता है और कोई भी आसानी से इस गेट से अंदर वाहन लगाकर मार्केटिंग करने निकल जाते हैं. ऐसे में विश्वविद्यालय के मुख्यालय परिसर में बेवजह भीड़ एकत्रित हो रही थी. लोगों को समझाने और मना करने के बावजूद लोग मुख्यालय में पहुंच जाते थे और इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियो को कैंपस परिसर में परेशानी हो रही थी. कोविड-19 के फैलाव को रोकने के लिए ही विश्वविद्यालय ने मुख्य गेट को बंद करने का निर्णय लिया है.