हजारीबाग में सदर प्रखंड के बहोरनपुर से चोरी हुई भगवान बुद्ध की दो मूर्तियां बरामद कर ली गई हैं. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि इसको लेकर 3 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. इसके तार बिहार से भी जुड़े बताए जा रहे हैं. इस गिरोह से पूछताछ में कई बड़े चेहरों के नाम का खुलासा होने की संभावना है. इससे पहले पुलिस ने 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की थी और एसआईटी का भी गठन किया था. इस मामले को लेकर हजारीबाग एसपी खुद मॉनिटरिंग कर रहे थे.
आपको बता दें कि हजारीबाग के सदर प्रखंड के बहोरनपुर गांव में इन दिनों पुरातात्विक विभाग खुदाई का काम करा रहा है.जिसमें 1 दर्जन से अधिक पाल वंश के समय के मूर्तियां मिली हैं, जो 1000 से 1200 वर्ष पुरानी हैं. इन्हीं मूर्तियों में से दो सबसे आकर्षक भगवान बुद्व की मूर्तियां चोरी हो गईं थीं. इनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही थी.



