RCB टीम के कप्तान विराट कोहली पर किंग्स एलेवेन पंजाब के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2020 मैच के दौरान स्लो ओवर रेट के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। गुरूवार को हुए इस मुकाबले में बेंगलोर की टीम को 97 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। IPL की प्रेस रिलीज के मुताबिक ‘IPL के न्यूनतम ओवर गति उल्लघंन से संबंधित आचार संहिता के अंतर्गत उनकी टीम का ये सीजन का पहला उल्लघंन था, जिस वजह से कोहली पर 12 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया।’ किंग्स इलेवन पंजाब ने अपनी बल्लेबाजी के दौरान खूब चौके-छक्के लगाए यही वजह है कि उनकी पारी करीब 1 घंटा 51 मिनट तक चली और इसका खामियाजा विराट कोहली को भुगतना पड़ा।



