बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस कंगना रनौत और शिवसेना के बीच कई दिन से चल रही ज़बानी जंग लगातार बढ़ती ही जा रही है. बुधवार को कंगना ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी जमकर निशाना साधा था. कंगना की इस बयानबाज़ी पर कुछ लोग उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं, वहीं कुछ उनकी आलोचना भी कर रहे हैं. गुरुवार को साउथ से सुपरस्टार विशाल ने भी कंगना रनौत का समर्थन किया है. विशाल ने अपने एक ट्वीट में कंगना की तुलना शहीद-ए-आज़म भगत सिंह से की है.
विशाल का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.विशाल ने कंगना की तारीफ़ करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “प्रिय कंगना आपकी हिम्मत को सलाम, आपने कभी दोबारा नहीं सोचा कि क्या सही है और क्या गलत है. यह आपका व्यक्तिगत मामला नहीं था, लेकिन फिर भी सरकार के प्रकोप का सामना करते हुए आप मज़बूत बनी रहीं. ये एक बहुत बड़ा उदाहरण है. ये कुछ वैसा ही है जैसा 1920 में भगत सिंह ने किया था.”विशाल ने आगे लिखा, “ये लोगों के लिए सरकार के ख़िलाफ़ उस वक़्त बोलने के लिए उदाहरण बनेगा जब कुछ सही नहीं हो रहा होगा. और ये ज़रूरी नहीं कि एक सेलिब्रिटी होने के नाते बल्कि एक आम आदमी के रूप में भी उदाहरण बनेगा. मैं आपको नमन करता हूं.”
कंगना रनौत के समर्थन में विशाल का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस ट्वीट पर लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं. विशाल के इस ट्वीट के बाद ट्विटर और भगत सिंह ट्रेंड कर रहा है.
बता दें कि बुधवार को कंगना ने मुंबई पहुंचकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा था. कंगना ने अपने वीडियो में कहा, “उद्धव ठाकरे तुझे क्या लगता है तूने फ़िल्म माफ़िया के साथ मेरा घर तोड़ कर मुझसे बहुत बड़ा बदला लिया है. आज मेरा घर टूटा है कल तेरा घमंड टूटेगा. ये वक़्त का पहिया है याद रखना हमेशा एक जैसा नहीं रहता.”ranjana pandey



