रांची: झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT रांची) के हॉस्टल में प्रथम वर्ष के बीटेक छात्र आदित्य कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। पुलिस और कॉलेज प्रशासन के अनुसार, छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृत छात्र आदित्य बिहार के रहने वाले थे और वह IIIT रांची में फर्स्ट ईयर के छात्र थे।शुरुआती जानकारी के अनुसार, संस्थान में परीक्षाएं चल रही थीं। पेपर खराब होने के कारण छात्र के तनाव में होने और यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। शनिवार देर रात जब उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो दोस्तों ने दरवाजा तोड़ा और उन्हें मृत पाया।घटना के बाद IIIT रांची के छात्रों ने परिसर में भारी विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि संस्थान में एम्बुलेंस, ऑक्सीजन और डॉक्टर जैसी आपातकालीन और बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं का अभाव था। छात्रों का कहना है कि अगर समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो जान बचाई जा सकती थी।आक्रोशित छात्र प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्टूडेंट्स ने पूरी रात धरना दिया और विरोध-प्रदर्शन रविवार सुबह तक जारी रहा।उन्होंने खेलगांव चौराहे को जाम करने की धमकी भी दी है। वे संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव को मौके पर बुलाने और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि छात्रावास में एंबुलेंस, इलाज, कैंटीन और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। SSP राकेश रंजन ने कहा, “हमारी शुरुआती जांच अभी चल रही है। FSL की टीम ने वहां जाकर सबूत इकट्ठा किए हैं और रूममेट का बयान भी लिया है। आत्महत्या की घटना और कैंपस में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन अलग-अलग मामले हैं। विरोध-प्रदर्शन हॉस्टल से जुड़ी कुछ मांगों को लेकर हो रहा है… जहां तक आत्महत्या की बात है, पुलिस इसकी ठीक से जांच कर रही है… शायद यह परीक्षा से जुड़ी वजहों से हुआ है…”




